झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद्, राँची

कोल्हान प्रमण्डल में ‘झारखंड स्कूल आइडल–सुर और ताल संग्राम’ का आयोजन, स्कूली बच्चों ने दिखाई अपनी कलात्मक प्रतिभा
झारखंड स्कूल प्रतिभा खोज 2026 के तहत गायन एवं नृत्य प्रतियोगिता से विद्यार्थियों को मिल रहा अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर
स्कूली विद्यार्थियों की रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् रांची द्वारा आयोजित ‘झारखंड स्कूल प्रतिभा खोज 2026–झारखंड स्कूल आइडल : सुर और ताल संग्राम’ के तहत आज से प्रमण्डल स्तरीय चयन कार्यक्रमों की शुरुआत हो गई है। इसी क्रम में 22 अक्टूबर 2026 को कोल्हान प्रमण्डल में चयन कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने गायन एवं नृत्य के माध्यम से अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। इसके माध्यम से विद्यालयों में छिपी प्रतिभाओं को पहचानने, बच्चों में आत्मविश्वास विकसित करने और उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
इस प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 तक के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। गायन के अंतर्गत एकल गायन, लोकगीत, देशभक्ति गीत एवं शास्त्रीय गायन तथा नृत्य के अंतर्गत एकल नृत्य, लोक नृत्य, शास्त्रीय नृत्य एवं मुक्त शैली की प्रस्तुतियाँ शामिल हैं। प्रत्येक प्रस्तुति की अवधि 4 से 6 मिनट निर्धारित की गई है।
कोल्हान प्रमण्डल में चयन कार्यक्रम के बाद अन्य प्रमण्डलों में भी चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 अक्टूबर को पलामू प्रमण्डल का चयन पलामू में, 24 अक्टूबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमण्डल का राँची में, 25 अक्टूबर को उत्तरी छोटानागपुर प्रमण्डल का हजारीबाग में तथा 26 अक्टूबर को संथाल परगना प्रमण्डल का चयन दुमका में किया जाएगा।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप यह पहल विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं सांस्कृतिक अभिरुचि को बढ़ावा देने तथा उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।














